शुक्रवार, 12 मई 2017

फेसबुकिये निन्दक और प्रशंसक





    
फेसबुक के निन्दक व प्रशंसक

पिछले दिनों मेरी पत्नी नें मेरे हाथ को माडर्न स्टाईल में पकड़कर एक फोटो बच्चों से खिचवाई और उसे फेसबुक पर पोस्ट कर दिया । उस फोटो पर मेरे फेसबुकिये मित्रों और पत्नी की सहेलियों के बेहतरीन कमेन्ट्स देखकर मेरी पत्नी बहुत खुश थीं । कुछ कमेन्ट्स ऐसे थे- Best couple in the world, wow, made for each other आदि । मैनें भी उस पोस्ट की फोटो और कमेन्ट्स को देखा । पत्नी के साथ फोटो खिचवानें वाले पति का चेहरा कैसा हो जाता है कहनें की जरुरत नहीं है । मैनें पत्नी से कहा कितनी भद्दी शक्ल लग रही है मेरी । लग रहा है जैसे “ISIS के जेहादियों के सामनें बैठा कोई बन्धक" । मेरी पत्नी नें अपनी सहेलियों के (अविश्सवनीय) कमेन्ट्स को दुहराया । पत्नियों को अपनी सहेलियों की साधारण सी राय भी एक कुन्तल तो पतियों की बेहतरीन राय भी एकाध ग्राम से ज्यादा वजनदार नहीं हो सकती । मेरे बहुत आग्रह के बाद जब मेरी साली नें सत्य के निकट वाला सुझाव पत्नी को दिया तब वह गमगीन फोटो पत्नी के Timeline से हटी ।
फेसबुक की दुनिया अलग है । वह एक ऐसा सामाजिक समागम है जहाँ लोग अपनें विचार बलपूर्वक थोपते नजर आते हैं । शुरु में जिसनें भी अनुरोध किया उसे मैनें अपना फेसबुकिया मित्र बना लिया । फेसबुक पर हर कोई किसी ना किसी का भक्त या धुर विरोधी होता है । एक बार मैनें कुछ राजनीतिक विचार रखे । एक भक्त मंडली के सदस्यों नें जो-जो कमेन्ट्स गालियों के रुप में मुझे लिखे - वैसे कमेन्ट्स आजकल लोग केजरीवाल जी के लिये लिख रहे हैं ।
बेशक, आपको कुछ जानकारी हो या नही लिखना आता हो या नहीं है आप जब चाहें किसी के फटे में अपनी टाँग घुसड़ते हुए बेबाक संविधान के बोलनें के अधिकार का दावा करते हुए कुछ भी पोस्ट कर सकते हैं । फेसबुक पर आलोचक व समालोचक के अलावा भी कई विधाओं के लोग मौजूद होते हैं । यदि कबीर दास जी आज होते तो कतई नहीं लिखते कि - निन्दक नियरे रखिये आंगन कुटी छवाय, बिन पानी साबुन बिना निर्मल करे सुभाय । फेसबुक पर आलोचकों व निन्दकों की भरमार है । फेस बुक पर मित्र बनाते समय सबसे पहले मैं अनुरोधक का पूरा प्रोफाईल देखता हूँ, उनके मित्रों/ग्रुप आदि की पूरी सतर्कता के साथ, आयकर अधिकारियों की तरह छान-बीन कर सन्तुष्ट होनें के बाद ही मित्रता का अनुरोध स्वीकार करता हूँ ।
अन्त में मैं सूचित करना चाहता हूँ कि अत्यधिक प्रशंसक या अत्यधिक निंदक लोगों और पत्नी के साथ वाली मेरी ऊपर वर्णित फोटो पर मेरी पत्नी की अनावश्यक रुप से ज्यादा तारीफ करनें वालों को मैनें Unfriend कर दिया है ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

 रिकवरी आफ इंडिया   बनाम   डिस्कवरी आफ इंडिया   संसार के अधिकांश इतिहासकारों नें अपनें देश का इतिहास लिखते समय इस बात का ध्यान र...